हैदराबाद में रिटायर सैनिक द्वारा पत्नी की हत्या कर शव के छोटे-छोटे टुकड़े कर प्रेशर कुकर में उबालने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। ये खुलासा हैदराबाद पुलिस ने नहीं बल्कि खुद पत्नी की नृशंस हत्या करने वाले पति ने किया है। आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी गुरुमूर्ति सेना की सेवा की और सेवानिवृत्त हुआ है। करीब 13 साल पहले आरोपी गुरुमूर्ति की वेंकट माधवी (मृतिका) से शादी हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। जांच में सामने आया है कि गुरुमूर्ति को अपनी पत्नी पर शक रहता था, जिस वजह से पति और पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। इसी वजह से उसने मर्डर का प्लान बनाया।
आरोपी गुरुमूर्ति ने मकर संक्रांति की छुट्टियों में आरोपी ने बच्चों को उनके ननिहाल भेज दिया। इसके बाद 15 जनवरी को उसने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव के चॉपर से छोटे-छोटे टुकड़े किए और फिर उसको कुकर में डालकर उबाला। आरोपी ने सबूत मिटाने की मंशा से शव को उबाल कर झील में फेंक दिया।
यूट्यूब पर बचने के तरीके को ढूंढ रहा था
हत्या के बाद आरोपी लगातार यूट्यूब पर बचने के तरीके ढूंढ रहा था। मृतका के माता-पिता ने जब गुरुमूर्ति से बेटी के बारे में पूछा तो उसने कहा कि वह झगड़ा कर घर से चली गई है। गुरुमूर्ति के बात पर उन्हें भरोसा नहीं हुआ और वे पुलिस स्टेशन चले गए। प्राथमिकी के मुताबिक, 16 जनवरी को महिला ने गुरुमूर्ति से झगड़ा किया और बिना किसी को बताए घर से चली गई। गुरुमूर्ति के ससुराल वालों ने 18 जनवरी को जब मीरपेट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, तब भी वह उनके साथ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर रजिस्टर कर जांच शुरू कर दी।
साक्ष्य इकट्ठा करने में जुटी पुलिस
गुरुमूर्ति, मूल रूप से आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले का रहने वाला है। पिछले 5 साल से पति-पत्नी अपने दो बच्चों के साथ वेंकटेश्वर कॉलोनी में रह रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी की निशानदेही पर शव की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या के सही कारणों को पता लगा लिया जाएगा।